हरियाणा के CM Nayab Singh Saini ने दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी का पानी पीकर एक नया बयान दिया। यमुना नदी के पानी को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री सैनी का यह वीडियो सामने आया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना के पानी पर सियासत और तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने हरियाणा सरकार पर कई आरोप लगाए हैं, और यह मामला चुनाव आयोग तक पहुँच चुका है।
“अरविंद केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण” – सीएम सैनी
इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी दिल्ली में यमुना का पानी पीते हुए दिखे और इसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल का बयान, जिसमें उन्होंने लोगों के बीच डर फैलाने की कोशिश की, बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। वह सिर्फ अपनी राजनीति के स्वार्थ के लिए ऐसा कर रहे हैं। मैं आज पवित्र यमुना माता के चरणों में आया हूं। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार ने पानी में ज़हर मिलाया है, और मास जेनोसाइड की बात की है। कल अधिकारियों ने पानी के सैंपल लिए हैं और मैंने खुद पानी का सेवन किया है। कोई ज़हर नहीं है। वह खुद बचने की कोशिश कर रहे हैं और हरियाणा के लोगों को अपमानित कर रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा, “यह पानी पूरी तरह से स्वच्छ है। लेकिन जब यह पानी दिल्ली में पहुंचता है, तो यह भयानक हो जाता है। अरविंद केजरीवाल ने 10 सालों में कोई ट्रीटमेंट प्लांट नहीं लगाया। वह कहते थे कि मैं यमुना को साफ करूंगा, और अब ऐसा बयान दे रहे हैं। दिल्ली के लोग हमारे भाई हैं, मेरे रिश्तेदार भी दिल्ली में रहते हैं। इस तरह के बयान से द्वेष और नफरत फैलाने का कोई फायदा नहीं है। उन्हें दिल्ली और हरियाणा के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। हमेशा पराली या पानी के मुद्दे पर आरोप लगाते हैं। 10 साल में उन्होंने लोगों के लिए क्या किया?”