पंजाब की राजनीति में नए गठबंधन की तैयारी, 2027 चुनाव से पहले 3 पार्टियां आ सकती हैं साथ!

2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। ‘वारिस पंजाब दे’ (WPD), अकाली दल (पुनर सुरजीत) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अगर ये तीनों दल एक साथ चुनाव मैदान में उतरते हैं, तो पंजाब की राजनीतिक लड़ाई नए रूप में देखने को मिल सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, तीनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर अंदरखाने बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है। हाल ही में फरीदकोट में अकाली दल (पुनर सुरजीत) के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह और बसपा के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह करीमपुरी के बीच अहम बैठक हुई। इस दौरान तीनों पार्टियों की ओर से संयुक्त रूप से चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा, बसपा नेताओं की ओर से पार्टी सुप्रीमो मायावती से भी संभावित गठबंधन को लेकर मुलाकात की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि इस गठबंधन को औपचारिक मंजूरी देने के संबंध में भी चर्चा हुई है।

गौरतलब है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में बसपा ने शिरोमणि अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। लेकिन इस बार पंथक और दलित वोट बैंक को एकजुट करने की रणनीति के तहत नए राजनीतिक गठबंधन की संभावनाएं बनती दिखाई दे रही हैं।

हालांकि, अभी तक तीनों पार्टियों की ओर से गठबंधन को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। अगर यह गठबंधन अस्तित्व में आता है, तो 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मुकाबले का स्वरूप बदल सकता है। अब सभी की नजरें सीटों के बंटवारे और गठबंधन की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version