क्रिकेट के बाद अब सियासी पारी, BJP ने युजवेंद्र चहल को दी अहम जिम्मेदारी

क्रिकेट के मैदान पर अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले युजवेंद्र चहल अब अपनी राजनीतिक पारी को लेकर चर्चा में आ गए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर चहल को बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चे की नई कार्यकारिणी समिति में शामिल किया है।

21 नवंबर को बीजेपी की ओर से नई कार्यकारिणी समिति का ऐलान किया गया, जिसमें युजवेंद्र चहल को विशेष आमंत्रित सदस्य (Special Invitee) के तौर पर जगह दी गई है। उनकी इस नई भूमिका को सार्वजनिक जीवन में एक नए कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि चहल को इस पद पर कौन-सी खास जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कार्यकारिणी समिति में उनकी भूमिका, कार्यकाल और सक्रियता को लेकर भी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

राजनीतिक संगठनों में विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किए गए लोगों को विभिन्न बैठकों, विचार-विमर्श और संगठनात्मक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता है। इस पद से जुड़े अधिकार और जिम्मेदारियां संगठन के नियमों और फैसलों पर निर्भर करती हैं।

बीजेपी की नई कार्यकारिणी समिति में शामिल होने के बाद युजवेंद्र चहल ने पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार भी जताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चे के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का धन्यवाद किया।

चहल ने अपने संदेश में बीजेपी की ओर से पार्टी में जगह और सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया। अब देखना होगा कि क्रिकेट के मैदान के बाद इस नई राजनीतिक पारी में चहल किस तरह की भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version