पंजाब के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक खास क्विज प्रतियोगिता ‘पंजाब दा करोड़पति’ की शुरुआत की है। इस प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को अपनी प्रतिभा और ज्ञान दिखाने का मौका मिलेगा। इसमें पंजाब के सभी 23 जिलों के 15 से 30 साल तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता का मुख्य विषय पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत रहेगा। इसके अलावा पंजाबी और अंग्रेजी भाषा में पूछे जाने वाले सवालों में सामान्य ज्ञान और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रश्न भी शामिल होंगे।
15 नवंबर से शुरू होंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
इस प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 नवंबर से शुरू होंगे और आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 नवंबर रखी गई है। प्रतियोगिता में कुल 10 हजार प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके पहले चार राउंड चयन प्रक्रिया के तौर पर होंगे, जबकि पांचवें राउंड में 10 हजार प्रतिभागी मुकाबले में शामिल होंगे।
अलग-अलग राउंड में मिलेंगे नकद पुरस्कार
पांचवें राउंड में 5 हजार प्रतिभागियों को 1-1 हजार रुपये दिए जाएंगे। छठे राउंड में 2,500 प्रतिभागियों को 2-2 हजार रुपये, सातवें राउंड में 1,250 प्रतिभागियों को 3-3 हजार रुपये और आठवें राउंड में 625 प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये मिलेंगे। वहीं, नौवें राउंड में पहुंचने वाले 395 प्रतिभागियों को 10-10 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।

9 दिसंबर को जिला स्तर पर होगा मुकाबला
प्रतियोगिता का जिला स्तरीय मुकाबला 9 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। इसमें हर जिले के टॉप 10 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस तरह कुल 230 प्रतिभागी जिला स्तर पर मुकाबला करेंगे। हर जिले का विजेता अपने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय फाइनल में पहुंचेगा।
17 दिसंबर को होगा फाइनल, विजेता को 1 करोड़ रुपये
राज्य स्तरीय फाइनल मुकाबला 17 दिसंबर को होगा, जिसमें पंजाब के 23 जिलों के विजेता आमने-सामने होंगे। फाइनल में 10 प्रतिभागियों को 3-3 लाख रुपये, 8 प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये और 4 प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। वहीं, प्रतियोगिता के विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उनका कहना है कि पंजाब के युवाओं के हाथों में किताबें और ज्ञान होना चाहिए, क्योंकि शिक्षा और मेहनत से ही समाज और प्रदेश की तकदीर बदली जा सकती है।
Top Tags