पंजाब में आज भारी बारिश का येलो अलर्ट, 21 जिलों में बरसेंगे बादल; 6 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी

पंजाब में मानसून की रफ्तार अब तेज होने लगी है। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए राज्य के 21 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है, जबकि छह जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं और कई इलाकों में तेज बारिश के साथ लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर और पटियाला समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, मोगा और बठिंडा के कुछ इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। पूरे राज्य में आसमान बादलों से ढका रहने का अनुमान है।

हालांकि मंगलवार को बारिश कम होने के कारण गर्मी और उमस बनी रही। राज्य का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। फरीदकोट में सबसे अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।

गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। मंगलवार को पंजाब में बिजली की अधिकतम मांग 15,003 मेगावाट दर्ज की गई। राज्य का अपना बिजली उत्पादन 4,673 मेगावाट रहा, जबकि केंद्रीय पूल से 10,578 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराई गई।

भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अनुसार 7 जुलाई को भाखड़ा डैम का जलस्तर 1,567.02 फीट दर्ज किया गया। डैम में 38,018 क्यूसेक पानी की आवक हुई, जबकि 23,229 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं पोंग डैम का जलस्तर 1,318.71 फीट रहा, जहां 17,875 क्यूसेक पानी आया और 15,500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पंजाब के शेष हिस्सों को भी पूरी तरह कवर कर सकता है। फिलहाल राज्य के केवल दो जिले ऐसे हैं जहां मानसून की पूरी तरह दस्तक बाकी है। इसके अलावा सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण भी मानसून को मजबूती मिलेगी और आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version