अमेरिका में नगर कीर्तन के दौरान हिंसा, 2 लोग घायल; पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य के सटर काउंटी में आयोजित 47वें वार्षिक नगर कीर्तन और मेले के दौरान हिंसा की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पिछले शनिवार को पार्किंग में गोलीबारी हुई, जबकि रविवार को नगर कीर्तन के जुलूस के दौरान चाकू से हमला किया गया। इन घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। सटर काउंटी शेरिफ कार्यालय दोनों मामलों की जांच कर रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है।

जानकारी के मुताबिक, युबा सिटी और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नगर कीर्तन और मेले में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान टीएरा बुएना रोड पर स्थित पार्किंग में गोलीबारी की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक संदिग्ध की पहचान की। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर कीर्तन के जुलूस में चाकू से हमला, दो घायल

गोलीबारी की घटना के अगले दिन यानी रविवार को नगर कीर्तन के जुलूस के दौरान चाकू से हमला किया गया। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, एक घायल की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज यूसी डेविस मेडिकल सेंटर में चल रहा है।

28 वर्षीय दविंदर सिंह गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सैक्रामेंटो निवासी 28 वर्षीय दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ कई आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।

सटर काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, जांचकर्ता सिख गुरुद्वारे के प्रबंधकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि घटनाओं में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस ने मामले से जुड़ी और जानकारी बुधवार को जारी करने की बात कही है। फिलहाल दोनों घटनाओं की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version