राजा वड़िंग के बयान ने 2027 के लिए कांग्रेस का ‘जनविरोधी’ एजेंडा किया सार्वजनिक, सत्ता में आए तो मान सरकार की मुफ्त सुविधाएं करेंगे बंद: बलतेज पन्नू

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कांग्रेस के सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के उस बयान पर तीखा हमला बोला है, जिसमें उन्होंने सरेआम कहा है कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पंजाब में मुफ्त बिजली और अन्य सुविधाएं बंद कर दी जाएंगी और सिर्फ ‘जरूरतमंदों’ को ही सुविधा मिलेगी। पन्नू ने कहा कि इस बयान ने साबित कर दिया है कि देश पर सबसे अधिक समय तक राज करने वाली कांग्रेस ने हमेशा लोगों को गरीब और अनपढ़ बनाए रखने की साजिश रची है। कांग्रेस की असली मंशा पंजाब के लोगों का गला घोंटने और उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखने की है।

 

गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2022 में सत्ता में आते ही अपनी सबसे बड़ी गारंटी पूरी की थी। आज पंजाब के 90% से अधिक घरों का बिजली बिल जीरो आ रहा है। राजा वड़िंग का मुफ्त बिजली बंद करने का ऐलान कांग्रेस की उसी जागीरदारी सोच का हिस्सा है, जो चाहती है कि अगर कोई आम आदमी साइकिल पर है, तो वह कभी टू-व्हीलर या कार न खरीद सके। कांग्रेस को यह हजम नहीं हो रहा है कि आम जनता के पैसे बच रहे हैं और वे राहत की सांस ले रहे हैं।

 

कांग्रेसी नेता राजा वड़िंग के एक इंटरव्यू का हवाला देते हुए बलतेज पन्नू ने स्पष्ट किया कि राजा वड़िंग का यह बयान कोई निजी राय नहीं है, बल्कि यह पूरी कांग्रेस पार्टी का ‘ब्लू प्रिंट’ है। अगर कांग्रेस गलती से भी सत्ता में आती है, तो वे मान सरकार द्वारा दी जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर देंगे। कांग्रेस के सत्ता में आने का सीधा मतलब यह होगा कि हर घर को मिल रही हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा छीन ली जाएगी। बिना किसी कार्ड या भेदभाव के सभी के लिए चल रहे ‘मोहल्ला क्लीनिक’ और हर परिवार के लिए 10 लाख रुपये तक का कैशलेस मुफ्त इलाज बंद कर दिया जाएगा। महिलाओं के खातों में आ रही 1000 और 1500 रुपये की सम्मान राशि से कांग्रेसी नेताओं को गहरी तकलीफ है, इसे तुरंत रोक दिया जाएगा। मान सरकार ने नहरी पानी की पहुंच 21% से बढ़ाकर 88% कर दी है। पहले मालवा में पानी के मोघे (नाले) सिर्फ बड़े और रसूखदार किसानों के खेतों तक ही जाते थे। कांग्रेस आकर फिर से छोटे किसानों से नहरी पानी छीनकर उन पर पाबंदियां लगा देगी।

 

आप नेता ने आगे कहा कि मान सरकार ने पंजाब में वो काम भी किए हैं, जिनकी चुनावों में कोई गारंटी नहीं दी गई थी। पंजाब में 18 टोल प्लाजा बंद करके जनता के रोजाना 64 लाख रुपये बचाए गए हैं, जबकि पिछली सरकारें टोल कंपनियों को 400-400 दिनों का एक्सटेंशन देकर जनता को लूटती थीं। इसी तरह, सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) का गठन किया गया, जिसकी तारीफ खुद केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में की है कि इससे पंजाब में मौके पर होने वाली मौतों में 50% से अधिक की कमी आई है।

 

बलतेज पन्नू ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा ने जो तबाही मचाई थी, उसे सुधारते हुए आम आदमी पार्टी ने सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया। शिक्षकों को विदेशों में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया, जिसके नतीजे के तौर पर आज गरीब और आम घरों के बच्चे नीट (NEET) और एनडीए (NDA) जैसी कठिन परीक्षाएं पास कर रहे हैं। कांग्रेस इन सभी सुधारों पर रोक लगाकर यह तय करना चाहती है कि कौन पढ़ेगा और कौन नहीं।

 

पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के लोगों को अक्सर आगाह करते रहे हैं कि अगर ये पारंपरिक पार्टियां वापस आ गईं, तो सबसे पहले वे आम लोगों की सुविधाएं ही बंद करेंगी। आज राजा वड़िंग ने खुद अपना एजेंडा जनता के सामने रख दिया है। पंजाब के लोग अब इनके झांसे में नहीं आएंगे और कांग्रेस की इस जनविरोधी सोच को पूरी तरह से नकार देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version