नाइजीरिया में विमान हादसा, 32 लोगों की मौत; बेनिन सिटी से लागोस जा रहा था सैन्य विमान

नाइजीरिया में एक दर्दनाक विमान हादसे में 32 लोगों की मौत हो गई। राहत और बचाव टीमों को तटीय शहर इग्बोकोडा के पास दुर्घटनाग्रस्त सैन्य विमान का मलबा मिला है। हादसे में मारे गए लोगों के शव बरामद कर मुर्दाघर में रखे गए हैं। देश के विमानन मंत्री फेस्टस कीमो ने हादसे की पुष्टि की है। वहीं राष्ट्रपति बोला टीनूबू ने हादसे के बाद तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।

विमानन मंत्री के मुताबिक, बेनिन सिटी से लागोस जा रहा नाइजीरियाई वायुसेना का ATS-42 विमान सोमवार सुबह करीब 8:13 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूटने के बाद लापता हो गया था। विमान के लापता होने की सूचना मिलते ही बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया गया। बाद में दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा शहर के पास विमान का मलबा बरामद किया गया।

हादसे में विमान में सवार 25 यात्रियों और 7 चालक दल के सदस्यों, यानी कुल 32 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा।

राष्ट्रपति बोला टीनूबू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि यह हाल के वर्षों में नाइजीरिया की सबसे गंभीर विमान दुर्घटनाओं में से एक है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राष्ट्रपति ने नाइजीरियाई वायुसेना को हादसे की तत्काल और पूरी जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version