पटियाला में NH-7 पर स्टील पुल टूटने की घटना के बाद प्रशासन ने जांच और सुरक्षा इंतजाम तेज कर दिए हैं। पुल गिरने के असली कारणों का पता लगाने के लिए राज्य सरकार विशेषज्ञों की एक टीम गठित करने जा रही है, जो पूरे मामले की जांच करेगी।
पटियाला के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने NHAI और जल संसाधन विभाग को टूटे पुल से संबंधित सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि जांच के दौरान विशेषज्ञों को जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
इस घटना के बाद भाखड़ा नहर के किनारे को भी खतरा पैदा हो गया है। पुल के उस हिस्से में, जहां ट्रक फंसे हुए हैं, जमीन धीरे-धीरे धंस रही है। इससे नहर के किनारे में दरार पड़ने की आशंका बढ़ गई है। प्रशासन ने आपात स्थिति से निपटने के लिए मिट्टी और रेत से भरे बोरे तैयार रखने के आदेश भी दिए हैं।
वहीं, हादसे वाली जगह पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग की जाएगी। सड़क बंद होने और डायवर्जन रूट के संबंध में ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी। यातायात को अलग-अलग जगहों से दूसरे रास्तों पर भेजने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी। वहीं, NHAI की ओर से रास्ते पर साइन बोर्ड और लाइटिंग का इंतजाम किया जाएगा।
इसके साथ ही जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। RTA को रोजाना की कार्रवाई की रिपोर्ट डिप्टी कमिश्नर को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवरलोड वाहनों को सड़कों पर चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अब इस हादसे की विशेषज्ञों द्वारा की जाने वाली जांच और नहर के किनारे की सुरक्षा के लिए उठाए जाने वाले कदम अहम होंगे। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी तरह के अतिरिक्त नुकसान को रोकना है।
Top Tags