पंजाब में ठंड बढ़ी, धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी; कई शहरों में प्रदूषण से मिली राहत

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी का असर पंजाब के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। राज्य में तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं और हवा की रफ्तार बढ़ने से लोगों को प्रदूषण से भी कुछ राहत मिली है।

सोमवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राज्य के अधिकतर जिलों में हवा की रफ्तार 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हवा का बहाव बढ़ने से प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, जिन शहरों का AQI पहले 200 से ऊपर चल रहा था, वहां सोमवार को इसमें गिरावट देखने को मिली।

इन जिलों में धुंध का यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 17 नवंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में घनी धुंध को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 नवंबर को इस सूची में अमृतसर भी शामिल रहेगा। वहीं, 19 और 20 नवंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में धुंध की चेतावनी जारी की गई है।

लुधियाना का AQI 179, रूपनगर में सबसे साफ हवा

सोमवार को पंजाब के शहरों में वायु गुणवत्ता के आंकड़ों के अनुसार लुधियाना में AQI 179 दर्ज किया गया। अमृतसर में यह 192, मंडी गोबिंदगढ़ में 148, खन्ना में 146 और पटियाला में 112 रहा। वहीं, रूपनगर में AQI 41 दर्ज किया गया, जो इन शहरों में सबसे कम था। बठिंडा और जालंधर से उपयुक्त आंकड़े नहीं मिलने के कारण इन शहरों का रिकॉर्ड साझा नहीं किया गया।

फरीदकोट रहा सबसे गर्म

मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, सोमवार को पंजाब में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में तापमान 27.8 डिग्री, अमृतसर में 26.9 डिग्री, लुधियाना में 27.8 डिग्री और पटियाला में 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना के तापमान में 1.6 डिग्री और पटियाला में 2.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

इसके अलावा बठिंडा में 29.2 डिग्री, गुरदासपुर में 26.5 डिग्री, फिरोजपुर में 27.5 डिग्री, मोहाली में 27.2 डिग्री और पठानकोट में 27 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम में आए इस बदलाव के साथ आने वाले दिनों में सुबह के समय धुंध और ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version