राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का चंडीगढ़ पहुंचने पर CM भगवंत मान ने किया स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के चंडीगढ़ पहुंचने पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा कि आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर देश की माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का पंजाब पहुंचने पर निष्ठा और सम्मान के साथ स्वागत किया गया।

CM भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की धरती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने पंजाबियों की पारंपरिक मेहमाननवाजी और सम्मान की भावना के साथ राष्ट्रपति को ‘जी आयां नूं’ कहा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह पंजाब के सभी लोगों के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रपति गुरु साहिबानों और पीरों की इस पवित्र धरती पर पहुंची हैं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के दौरान वह बिलासपुर स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज यानी AIIMS के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी।

इस दीक्षांत समारोह के दौरान राष्ट्रपति करीब 91 डॉक्टरों और पैरामेडिकल छात्रों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में उनके स्वागत और सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version