जय शाह के नाम एक और बड़ी उपलब्धि, लगातार दूसरी बार संभालेंगे ICC की कमान

जय शाह लगातार दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन चुने गए हैं। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड और समिति की बैठक के दौरान उन्हें निर्विरोध दोबारा इस पद के लिए चुना गया। इसके साथ ही जय शाह ने ICC चेयरमैन के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल शुरू कर दिया है।

दोबारा चुने जाने के बाद जय शाह ने कहा कि ICC चेयरमैन के तौर पर काम करना उनके लिए गर्व की बात है और यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए वह सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। उनके मुताबिक, इस समय क्रिकेट एक अहम और रोमांचक दौर से गुजर रहा है।

जय शाह ने 2028 में होने वाले लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी को भी एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इससे क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि ICC की जिम्मेदारी सिर्फ बड़े टूर्नामेंट का सफल आयोजन करना नहीं है, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को मजबूत बनाना भी है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, व्यावसायिक साझेदारों और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है।

गौरतलब है कि जय शाह लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन बनने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले शशांक मनोहर भी लगातार दो बार इस पद पर रह चुके हैं। उन्होंने नवंबर 2015 से 2016 तक BCCI अध्यक्ष रहते हुए अंतरिम ICC चेयरमैन की जिम्मेदारी निभाई थी। इसके बाद मई 2016 में वह ICC चेयरमैन चुने गए और मई 2018 में दूसरी बार निर्विरोध इस पद पर चुने गए। उनका दूसरा कार्यकाल 30 जून 2020 को पूरा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version