मोगा में आज AAP की ‘खुशहाल पंजाब’ महा रैली, CM मान और अरविंद केजरीवाल होंगे शामिल

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से आज मोगा में ‘खुशहाल पंजाब’ महा रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली के जरिए पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी मुहिम को आगे बढ़ाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे। इसके अलावा पार्टी की पूरी लीडरशिप और घोषित उम्मीदवार भी मौजूद रहेंगे।

रैली के दौरान पार्टी की ओर से पिछले पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश किया जाएगा। मोगा जिले के गांव नत्थूवाला जदीद में होने वाले इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, रैली स्थल पर करीब 116 एकड़ जमीन में पंडाल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। इस कार्यक्रम में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस कार्यक्रम के दौरान स्मार्ट राशन कार्ड योजना की शुरुआत भी की जाएगी। इस योजना के जरिए लाभार्थियों को सरकारी राशन की सुविधा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा।

वहीं, रैली में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पार्किंग, पीने के पानी, साफ-सफाई, सुरक्षा, बैठने और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग विभागों की टीमें आपसी तालमेल के साथ काम कर रही हैं, ताकि रैली में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version