आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल स्पष्ट कर दिया है कि वोट चोरी के खिलाफ देश भर में चल रहे आंदोलन का आम आदमी पार्टी समर्थन करती है। बुधवार को तीन दिवसीय गोवा दौरे पर आए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज पूरा देश एकजुट होकर ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांग रहा है। पिछले कुछ सालों से मोदी जी एसआईआर के जरिए असली वोट कटवाकर और फर्जी वोट जुड़वाकर चुनाव जीतते आए हैं। इन लोगों ने लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। मैं देश में वोट चोरी के खिलाफ चल रहे आंदोलन का समर्थन करता हूं। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान “आप” के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं अभी अगले तीन दिन के लिए गोवा में हूं और अलग-अलग लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मेरी कई बैठकें हैं। लेकिन मैं यह कहना चाहता हूं कि जिस तरह से राष्ट्रीय स्तर पर ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगा जा रहा है, उसके लिए अब पूरा देश इकट्ठा हो रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ सालों में मोदी जी जो भी चुनाव जीते हैं, अब यह निकलकर सामने आ रहा है कि वे चुनाव केवल और केवल एसआईआर के जरिए वोटर लिस्ट से असली वोट कटवाकर और फर्जी वोट जुड़वाकर जीते गए हैं। यह बिल्कुल गलत है और जनतंत्र के खिलाफ है। इन्होंने एक तरह से लोकतंत्र का मजाक बना दिया है। इसलिए, हम इस मांग का समर्थन करते हैं और ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
Top Tags