बर्ड फ्लू के खिलाफ भारत की बड़ी उपलब्धि, मुर्गियों के लिए विकसित की पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन

बर्ड फ्लू के कारण हर साल पोल्ट्री कारोबार को होने वाले भारी नुकसान को रोकने की दिशा में भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में पहली बार मुर्गियों को बर्ड फ्लू से बचाने के लिए स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की गई है। भोपाल स्थित ICAR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज (NIHSAD) ने इस वैक्सीन को तैयार किया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को इसे देश को समर्पित करेंगे।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुर्गियों के लिए विकसित की गई निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) वैक्सीन भारत की अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसे खास तौर पर देश में फैल रहे H5N1 HPAI वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा देने के लिए तैयार किया गया है।

दरअसल, बर्ड फ्लू को हाइली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) भी कहा जाता है। यह मुर्गियों समेत अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली एक गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण से पक्षियों की मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक हो सकती है। बीमारी फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है और पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार पर भी प्रतिबंध लग सकते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

बर्ड फ्लू से देश को हो सकता है भारी आर्थिक नुकसान

केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का एक बड़ा प्रकोप भारत की GDP विकास दर को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। अगर यह बीमारी बेकाबू होकर फैलती है, तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है।

आंकड़ों के अनुसार, साल 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण भारत को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इसी तरह मणिपुर में भी बर्ड फ्लू के एक प्रकोप के दौरान राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान दर्ज किया गया था।

इंसानों में भी सामने आ चुके हैं संक्रमण के मामले

बर्ड फ्लू सिर्फ पक्षियों और पोल्ट्री कारोबार के लिए ही खतरा नहीं है, बल्कि यह इंसानी स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में इंसानों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 479 लोगों की मौत हो चुकी है।

मंत्रालय के अनुसार, H5N1 वायरस का क्लेड 2.3.2.1A मुर्गियों में बर्ड फ्लू के ज्यादातर प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस वायरस का संक्रमण कई जानवरों की प्रजातियों, खासकर स्तनधारी जीवों में भी देखा गया है। इसके अलावा इंसानों में भी इस वायरस के तीन मामले सामने आ चुके हैं।

क्यों जरूरी थी स्वदेशी वैक्सीन?

केंद्र सरकार के मुताबिक, फिलहाल H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1A से सुरक्षा के लिए कोई विशेष व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में भारत के लिए अपनी वैक्सीन विकसित करना बेहद जरूरी था।

भोपाल स्थित ICAR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज की ओर से तैयार की गई यह स्वदेशी वैक्सीन इसी जरूरत को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षा देना, पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम करना और वायरस के दूसरे जानवरों तथा इंसानों तक फैलने के खतरे को घटाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version