राजस्थान रेलवे ट्रैक धमाका मामले में पंजाब से 2 गिरफ्तार, एक युवती भी शामिल; पिस्तौल और 40 कारतूस बरामद – Trends Topic

राजस्थान रेलवे ट्रैक धमाका मामले में पंजाब से 2 गिरफ्तार, एक युवती भी शामिल; पिस्तौल और 40 कारतूस बरामद

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके की जांच के तार पंजाब से जुड़ गए हैं। इस मामले में राजस्थान पुलिस ने गुरदासपुर जिले के दो सीमावर्ती गांवों में कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, मैगजीन, करीब 40 कारतूस और 30 हजार रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है।

जानकारी के मुताबिक, बीती 3 नवंबर को श्रीगंगानगर के अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे मार्ग पर गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर बम धमाका हुआ था। घटना की जांच के दौरान राजस्थान पुलिस को पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद राजस्थान पुलिस की टीम ने गुरदासपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।

पुलिस ने थाना कलानौर के तहत आने वाली पुलिस चौकी दोस्तपुर के सहयोग से गांव दोस्तपुर की रहने वाली महकप्रीत कौर (24), पुत्री तरलोक सिंह और नजदीकी गांव चौड़ां कलां के रहने वाले दविंदर सिंह, पुत्र रविंदर सिंह को गिरफ्तार किया।

इस संबंध में गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पाकिस्तान में रहने वाले शाह नाम के एक व्यक्ति के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, धमाका करवाने के लिए युवती को ऑनलाइन एक लाख रुपये भी भेजे गए थे।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी तीन बार राजस्थान गए थे। पहली बार उन्हें सामान नहीं मिला, जबकि दूसरी बार धमाका नहीं हो सका। पुलिस के दावे के अनुसार, तीसरी बार रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। गुरदासपुर पुलिस को इस संबंध में इनपुट मिलने के बाद मामले की गहराई से जांच की जा रही थी और मिली जानकारी राजस्थान पुलिस के साथ साझा की गई।

फिलहाल दोनों आरोपियों को संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है, ताकि धमाके से जुड़े अन्य संपर्कों और कथित साजिश के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *