Chandigarh में घने कोहरे और भीषण ठंड के कारण सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। स्कूल शिक्षा निदेशक ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है।
इस बदलाव के अनुसार, सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों का समय 13 जनवरी से 18 जनवरी तक बदला जाएगा। सिंगल शिफ्ट स्कूलों में सभी कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेंगी। वहीं, डबल शिफ्ट स्कूलों में पहली से 5वीं कक्षा की कक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक, जबकि 6वीं कक्षा और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 9:30 बजे से 2:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
निजी स्कूलों का समय भी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक किया गया है।

इसके अतिरिक्त, पंजाब राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष कंवरदीप सिंह ने पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग को सर्दी और घने कोहरे को ध्यान में रखते हुए सरकारी और निजी स्कूलों के समय में बदलाव की सिफारिश की है।
कंवरदीप सिंह ने बताया कि राज्य में अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण स्कूली बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई हो रही है और छोटे बच्चे स्कूल आने से कतराने लगे हैं। उन्होंने विभाग से अनुरोध किया है कि 31 जनवरी तक सरकारी और निजी स्कूलों का समय सुबह 10 बजे तक बढ़ाया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से घने कोहरे के कारण स्कूल बसों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसी किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है।