भारत और नेपाल के रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए आज अहम कूटनीतिक बातचीत होने जा रही है। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इससे पहले राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इसके बाद दोनों देशों के प्रधानमंत्री हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इस बैठक में भारत और नेपाल के संबंधों को और मजबूत बनाने के साथ-साथ ऊर्जा, व्यापार तथा रेल और सड़क संपर्क बढ़ाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
इस मुलाकात का एक खास आकर्षण अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक रेल सेवा का उद्घाटन भी होगा। अयोध्या को भगवान राम और जनकपुरधाम को माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों धार्मिक स्थलों के बीच की यात्रा लगभग 19 घंटे में पूरी हो सकेगी।
वहीं, इस दौरे के दौरान भारतीय सेना में नेपाली गोरखा युवाओं की भर्ती का मुद्दा भी अहम रहने की उम्मीद है। दरअसल, साल 2022 से भारतीय सेना में नेपाली गोरखा सैनिकों की भर्ती रुकी हुई है। इसका मुख्य कारण भारत की अग्निपथ योजना को लेकर नेपाल सरकार की ओर से जताई गई आपत्ति है।
नेपाल सरकार को अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की चार साल की सेवा की व्यवस्था पर आपत्ति थी। इसी वजह से नेपाली युवाओं की भारतीय सेना में भर्ती की प्रक्रिया रुक गई थी। अब बालेन शाह के भारत दौरे से इस मामले पर दोबारा सहमति बनने की उम्मीद जगी है।
अगर दोनों सरकारों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनती है, तो नेपाली युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती का रास्ता फिर से खुल सकता है। फिलहाल सभी की नजरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह की इस अहम बैठक पर टिकी हैं।
Top Tags