पंजाब से जम्मू-कश्मीर तक हाई अलर्ट, हमले की आशंका के बीच खुफिया एजेंसियां सतर्क – Trends Topic

पंजाब से जम्मू-कश्मीर तक हाई अलर्ट, हमले की आशंका के बीच खुफिया एजेंसियां सतर्क

पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उस समय हलचल मच गई, जब पठानकोट में बंदूक की नोक पर एक कार लूटने की घटना सामने आई। पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर शहर के डाउनटाउन इलाके में कुछ अज्ञात लोग सफेद रंग की कार लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद खुफिया एजेंसियों ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पंजाब के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस भी सतर्क हो गई है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, लूटी गई कार के कठुआ की तरफ जाने की सूचना मिली थी। हालांकि, बाद में पठानकोट के SSP ने स्पष्ट किया कि इस गाड़ी को गुरदासपुर की ओर जाते हुए देखा गया है। दूसरी तरफ, PCR जम्मू की ओर से जारी अलर्ट में ड्राइवर को बंदूक की नोक पर अगवा किए जाने की जानकारी दी गई है। अलर्ट के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोग ड्राइवर को कार समेत पठानकोट से कठुआ की तरफ ले गए थे।

बताया जा रहा है कि यह कार बमियाल के एक निवासी की है। पुलिस ने सभी संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि अगर किसी को इस गाड़ी या इससे जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।

घटना के बाद पठानकोट से जम्मू तक नेशनल हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पठानकोट, कठुआ, सांबा और जम्मू के रास्तों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस चौकियों, PCR टीमों और संबंधित थानों के अधिकारियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

वहीं, खुफिया सूत्रों की ओर से इस घटना में नशा तस्करों के शामिल होने का शक भी जताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चोरी हुई कार भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाके की है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *