अमृतसर के कुछ स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शहर में हड़कंप मच गया। धमकी की जानकारी मिलते ही अमृतसर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले को लेकर अमृतसर के DCP जुगलराज सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए माता-पिता, छात्रों और शहरवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने से बचने की अपील की है।
DCP जुगलराज सिंह ने बताया कि धमकी भरी ईमेल सामने आने के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। उन्होंने खुद कई प्रमुख स्कूलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। इसके अलावा पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी अलग-अलग स्कूलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी ग्राउंड स्तर पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रहे हैं।
स्कूलों में छुट्टी और माता-पिता के बीच पैदा हुए डर को लेकर DCP ने कहा कि कई स्कूलों में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। कक्षाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और बच्चे अपनी पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों की ओर से ईमेल के जरिए दहशत और अफवाह फैलाने की कोशिश की गई है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
पुलिस की ओर से की गई जांच और स्कूलों की चेकिंग के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या खतरा सामने नहीं आया है। DCP ने माता-पिता और छात्रों को भरोसा दिलाया कि अमृतसर पुलिस और पंजाब पुलिस बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैनात है।
मामले की जांच के लिए DCP इन्वेस्टिगेशन और विशेष टीमें काम कर रही हैं। पुलिस की ओर से धमकी भरी ईमेल के तकनीकी और साइबर पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि ईमेल भेजने वाले व्यक्ति और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाया जा सके।
DCP जुगलराज सिंह ने कहा कि पुलिस इस मामले को जल्द सुलझाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जांच के दौरान जिस किसी की भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एक बार फिर माता-पिता और छात्रों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर चल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें।
Top Tags