पंजाब के लोगों को पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हुई हल्की बारिश के कारण राज्य का तापमान लगभग 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके चलते तापमान सामान्य से करीब 3.2 डिग्री नीचे आ गया।
मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं 14 जिलों—गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर—में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है।
इसके अलावा 2, 3 और 4 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मंगलवार को लुधियाना में 4.2 मिमी और पटियाला में 8.0 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अगर तापमान की बात करें तो अबोहर में सबसे ज्यादा 37.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा अमृतसर 34.1, लुधियाना 34.0, पटियाला 36.5, पठानकोट 32.9, फरीदकोट 37.2, गुरदासपुर 31.5, एसबीएस नगर 30.6, फिरोजपुर 35.5, होशियारपुर 32.5 और रूपनगर में 33.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1.8 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है। गुरदासपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा। अमृतसर में 25.6, लुधियाना 23.0, पटियाला 22.2, पठानकोट 24.2, बठिंडा 25.6, फरीदकोट 25.2, फाजिल्का 25.3, फिरोजपुर 26.6, होशियारपुर 22.6 और रूपनगर में 23.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत जरूर मिली है, लेकिन अगले कुछ दिनों में तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
Top Tags