पंजाब के जालंधर में राज्य के CM Bhagwant Mann ने आज नगर निगम चुनावों को लेकर एक विशाल रोड शो किया। यह रोड शो श्री राम चौक से शुरू होकर भगवान श्री वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक) तक निकला। यह जालंधर में नगर निगम चुनावों के मद्देनजर सीएम मान का पहला रोड शो था। इससे पहले वे अमृतसर में भी रोड शो कर चुके हैं।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
जालंधर में रोड शो को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। शहर के प्रमुख इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया और कई रास्तों को बंद कर दिया गया ताकि रोड शो के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सीएम मान का संदेश
सीएम भगवंत सिंह मान ने रोड शो के दौरान कहा, “हम उन सभी पार्षद उम्मीदवारों को बधाई देते हैं जो आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। अगर नगर निगम में विपक्षी पार्टी का नियंत्रण रहता है, तो वे काम नहीं होने देंगे क्योंकि उनकी सोच होती है कि कहीं भगवंत मान का नाम न बन जाए। लेकिन अगर आप आम आदमी पार्टी को मौका देंगे, तो आप अपने शहर के मालिक खुद बनेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार ने राज्य स्तर पर दी गई गारंटियों को पूरा किया है और अब जालंधर स्तर पर दो नई गारंटियां जल्द पूरी की जाएंगी। सीएम मान ने कहा, “पहले मुख्यमंत्री गलियों में नहीं जाते थे, मगर मैं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनता हूं। यह हमारा वादा है कि जालंधर को एक खूबसूरत और विकसित शहर बनाएंगे।”
पार्टी का उत्साह
आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि जालंधर में दीपावली जैसा माहौल है। उन्होंने कहा, “जालंधर के लोग आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को भरपूर समर्थन दे रहे हैं। अमृतसर में भी ऐसा ही उत्साह देखने को मिला था, और अब जालंधर में भी लोग हमारे साथ खड़े हैं।”
किसानों के मुद्दे पर सरकार का रुख
पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों के हित में काम कर रही है। मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां किसानों के फायदे के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम कर रहे हैं और विशेषज्ञों से लगातार बैठकें की जा रही हैं।
सीएम भगवंत मान और पार्टी के अन्य नेताओं ने भरोसा जताया कि इस बार नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी, जिससे शहर का विकास तेज़ी से हो सकेगा।
Top Tags